विश्व स्वास्थ्य दिवस पर वार्ड 43 में लगा स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों को मिला लाभ

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर वार्ड 43 में लगा स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों को मिला लाभ
हरिद्वार। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर ज्वालापुर स्थित रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 43, पांव धोई में एक भव्य स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर के तत्वावधान में माता वैष्णो देवी हाई सेकेंडरी स्कूल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का नेतृत्व पार्षद हरविंदर सिंह ने किया, जबकि विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रविता पाण्डेय और डॉ. नूतन अग्रवाल ने इसका सफल संयोजन किया। शिविर में सैकड़ों अध्यापिकाएं, छात्राएं और छात्र शामिल हुए और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में ब्लड प्रेशर और शुगर जांच, सामान्य स्वास्थ्य परामर्श तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। आयुष्मान आयोग की टीम ने विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित किया।
इस अवसर पर पार्षद हरविंदर सिंह ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर ही एक मजबूत और सशक्त भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने यह भी बताया कि वार्ड 43 की वाल्मीकि बस्ती में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निःशुल्क ब्लड प्रेशर, शुगर जांच और दवाइयों का वितरण किया जाता है।
यह स्वास्थ्य शिविर न केवल चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर के बाद स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया और भविष्य में ऐसे और आयोजनों की मांग भी बढ़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!