जन्मोत्सव, भक्तिमय माहौल में झूमे श्रद्धालु

जन्मोत्सव, भक्तिमय माहौल में झूमे श्रद्धालु

हरिद्वार। श्री हरि रामायण एवं भागवत कथा समिति, चंडीगढ़ के तत्वाधान में आयोजित भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में कथा व्यास परम पूज्य श्री मुकुंद हरि जी महाराज के श्रीमुख से भक्तों को दिव्य कथा का रसपान कराया जा रहा है। कथा के दौरान श्री कृष्ण जन्मोत्सव का अत्यंत सुंदर और भावपूर्ण दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। श्री कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालुओं ने झूमकर नृत्य किया और भगवान श्री कृष्ण के जन्म की खुशी में भक्ति भाव से उत्सव मनाया। चारों ओर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने मिलकर भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया। कार्यक्रम में प्रेसिडेंट दिलीप चंद गुप्ता, फाइनेंस सेक्रेट्री अनिल गोयल, जनरल सेक्रेटरी आशु गर्ग, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पृथ्वीराज बंसल, वाइस प्रेसिडेंट कश्मीरी लाल गुप्ता तथा जयपाल जैन सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों को सुनकर धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!