जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी के निधन पर पत्रकारों ने जताया गहरा शोक

जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी के निधन पर पत्रकारों ने जताया गहरा शोक

पत्रकारिता एवं सूचना विभाग ने खोया सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व

हरिद्वार। नैशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स उत्तराखंड ने नैनीताल जनपद के जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन की सूचना से पत्रकारिता जगत के साथ ही सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।

जनपद हरिद्वार के जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह सहित विभिन्न पत्रकारों ने दिवंगत गिरजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह ने कहा कि गिरजा शंकर जोशी बेहद खुशदिल, सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों के साथ उनका व्यवहार सदैव आत्मीय, सौहार्दपूर्ण और सहयोगात्मक रहा। उन्होंने कहा कि जोशी के आकस्मिक निधन से सूचना विभाग ने एक कर्मठ अधिकारी के साथ-साथ एक नेक और संवेदनशील इंसान को खो दिया है। उनका निधन विभाग और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

नैशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स उत्तराखंड के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि गिरजा शंकर जोशी अपने मधुर व्यवहार, सरल स्वभाव और सहयोगी कार्यशैली के कारण पत्रकारों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय थे। पत्रकारों के साथ उनका सदैव आत्मीय संबंध रहा। उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक संवेदनशील, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व खो दिया है।

इस अवसर पर पत्रकारों एवं सूचना विभाग से जुड़े लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!