पिरान कलियर शरीफ के 758वें साबिर पाक उर्स की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन

हरिद्वार।(पूजा शर्मा रिपोर्टर) पिरान कलियर शरीफ में आयोजित होने वाले 758वें साबिर पाक उर्स के अवसर पर देश-विदेश से लाखों की संख्या में आने वाले जायरीनों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर आज माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली जी ने जिलाधिकारी, हरिद्वार को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में पिरान कलियर नगर पंचायत द्वारा उर्स की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं में बरती जा रही कथित अनियमितताओं को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही हाल ही में पांच दुकानों में हुई आगजनी से दुकानदारों को हुए भारी आर्थिक नुकसान और उर्स की व्यवस्थाओं के दौरान कार्य करते समय एक श्रमिक की हुई मृत्यु का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि आगजनी की घटना में नुकसान झेलने वाले दुकानदारों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। वहीं मृतक श्रमिक के परिवार को आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि परिवार को इस कठिन परिस्थिति में राहत मिल सके।

इसके अलावा उर्स मेले के दौरान साफ-सफाई, रखरखाव, पेयजल, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि उर्स में देश-विदेश से लाखों जायरीन पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।

आजाद अली जी ने प्रशासन से मांग की कि उर्स से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रभावी समीक्षा कर कमियों को दूर किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो और लाखों जायरीनों को सुरक्षित एवं सुचारु माहौल मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!