राष्ट्रीय पंजाबी महासभा की उत्तराखंड प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार, नए पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
देहरादून। राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मेहता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय पंजाबी महासभा की राष्ट्रीय टीम के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति के बीच उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी ने प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया। इस दौरान समाजसेवा में सक्रिय कई लोगों को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए वर्तमान पार्षद हरविंद्र सिंह विक्की को प्रदेश महामंत्री, सतनाम सिंह को प्रदेश कोषाध्यक्ष, मनोज महंत को प्रदेश उपाध्यक्ष, अजय अनेजा को प्रदेश सचिव तथा वरुण भाटिया को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मेहता का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर प्रयासरत लोगों को संगठन से जोड़कर समाज के विकास में भागीदारी सुनिश्चित करना राष्ट्रीय पंजाबी महासभा का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पंजाबी महासभा पूरे भारत में सर्व समाज के हितों के लिए कार्य कर रही है। इसी कड़ी में उत्तराखंड में भी विभिन्न जिलों से सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा और उन्हें जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी विस्तार की यह शुरुआत है। आने वाले समय में पूरे प्रदेश से लेकर प्रत्येक जिले, शहर, वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा।
सुनील सेठी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य ऐसा मजबूत सामाजिक मंच तैयार करना है, जो सर्वधर्म सम्मान और सर्व समाज के साथ खड़ा होकर जनहित एवं समाजहित के लिए कार्य करे। संगठन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सहायता और उसके हितों की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मेहता ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पदाधिकारियों से राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के संगठन को मजबूत करने तथा समाजहित एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन का नाम रोशन करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना और जरूरतमंद लोगों की मदद करना सभी पदाधिकारियों का मुख्य लक्ष्य होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जल्द ही राष्ट्रीय पंजाबी महासभा का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड की कुछ प्रमुख मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मेहता, प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष हर भगवान छाबड़ा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश आनंद, जिला अध्यक्ष अंबाला कैंट विनोद जौहर, जिला अध्यक्ष यमुनानगर लक्ष्मण विनायक, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमन तलवार, वेद प्रकाश खुराना, ओम प्रकाश, गिरीश भाटिया, हरीश अरोड़ा, संजीव सहगल, रवि बांगा, सन्नी अरोड़ा, अमित अरोड़ा, सतवंत सिंह, राहुल अरोड़ा, विशाल अरोड़ा, अमृत सिंह, कुलदीप अरोड़ा, राजेश अरोड़ा, जतिन सेठी, कुलदीप सेठी, अमित सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।






