हरिद्वार प्रेस क्लब सभागार में पूर्व अध्यक्षों के चित्रों का लोकार्पण, ‘बुधकर भवन’ नामकरण की घोषणा

हरिद्वार। (रिपोर्टर) पूजा शर्मा ।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी हरिद्वार में पत्रकारिता जगत के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण तब सामने आया, जब प्रेस क्लब हरिद्वार एवं भारतीय संवाद परिषद के तत्वावधान में प्रेस क्लब की कार्यकारिणी द्वारा वर्ष 1986 से 2025 तक के अध्यक्षों के चित्रों का सभागार में विधिवत लोकार्पण किया गया।
इस गरिमामय अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार डा. शिवशंकर जायसवाल, कौशल सिखौला एवं गोपाल रावत ने संयुक्त रूप से चित्रों का अनावरण किया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने इस पहल को संगठन की गौरवशाली परंपरा को संजोने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यकारिणी की बैठक में एक और अहम निर्णय लेते हुए यह घोषणा की गई कि पत्रकारिता के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान देने वाले स्वर्गीय वरिष्ठ पत्रकार डा. कमलकांत बुधकर की स्मृति में प्रेस क्लब सभागार का नामकरण ‘बुधकर भवन’ के रूप में किया जाएगा।
प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री दीपक मिश्रा ने कहा कि स्वर्गीय कमलकांत बुधकर का पत्रकारिता में योगदान अविस्मरणीय है। उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलकर ही पत्रकारिता के मिशन को मजबूती दी जा सकती है।
वरिष्ठ पत्रकार डा. शिवशंकर जायसवाल एवं आदेश त्यागी ने पूर्व अध्यक्षों के चित्र सभागार में स्थापित करने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि प्रेस क्लब के माध्यम से पत्रकारों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण और निर्णायक फैसले लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ‘बुधकर भवन’ नामकरण का निर्णय संस्था की गरिमा को और बढ़ाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कोषाध्यक्ष काशीराम सैनी, रमेश खन्ना, रजनीकांत शुक्ला, सुभाष कपिल, बालकृष्ण शास्त्री, बृजेंद्र हर्ष, अविक्षित रमन, प्रदीप गर्ग, दीपक नौटियाल, संजय आर्य, अमित शर्मा, अमित गुप्ता सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।
समारोह का वातावरण गरिमामय और आत्मीय रहा, जिसमें वरिष्ठों के योगदान को सम्मानित करते हुए नई पीढ़ी के पत्रकारों को प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। यह आयोजन न केवल अतीत की उपलब्धियों को संजोने का प्रयास था, बल्कि भविष्य की पत्रकारिता को सशक्त और मूल्यनिष्ठ बनाने का संकल्प भी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!