सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभा रहीं साध्वी नेहा आनंद देव : महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद देव
साध्वी नेहा आनंद देव का अवतरण दिवस श्रद्धा और सादगी के साथ मनाया गया, संत-महापुरुषों ने दी शुभकामनाएं
हरिद्वार, 16 सितम्बर। श्री अवधूत मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद देव महाराज की परम शिष्या साध्वी नेहा आनंद देव का अवतरण दिवस श्रद्धा, भक्ति एवं सादगी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सभी तेरह अखाड़ों के संत-महापुरुषों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया तथा हनुमान जी को 56 भोग अर्पित किया गया। देर शाम भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें संतों एवं श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सहभागिता की।
इस अवसर पर संत-महापुरुषों एवं श्रद्धालु भक्तों ने साध्वी नेहा आनंद देव को अवतरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल आध्यात्मिक जीवन की कामना की।
महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद देव महाराज ने कहा कि साध्वी नेहा आनंद देव भक्तों को धर्म एवं अध्यात्म का ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ सनातन धर्म के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उनके सेवा एवं आध्यात्मिक प्रयासों से समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संतों का जीवन समाज को धर्म, संस्कार और सदाचार की दिशा प्रदान करने का माध्यम है।
महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी ने कहा कि देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में संत-महापुरुषों की सदैव महत्वपूर्ण भूमिका रही है। साध्वी नेहा आनंद देव अपने गुरु द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए धर्म-संस्कृति के उत्थान और मानव कल्याण के कार्यों में योगदान दे रही हैं।
सभी संत-महापुरुषों का आभार व्यक्त करते हुए साध्वी नेहा आनंद देव ने कहा कि पूज्य गुरुदेव से प्राप्त शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए समाज में सनातन धर्म एवं अध्यात्म का प्रकाश फैलाना और मानव कल्याण के लिए कार्य करना ही उनके जीवन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि गुरु की सेवा, धर्म के प्रति समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी को जीवन में आत्मसात करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
इस अवसर पर डीपी यादव ने भी साध्वी नेहा आनंद देव को अवतरण दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरल एवं सहज स्वभाव की साध्वी नेहा आनंद देव अपने गुरु के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए धर्म और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी रामानुज सरस्वती, महंत सूरज दास, महंत सुतीक्ष्ण मुनि, स्वामी दिनेश दास, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी रघुवीर दास, महंत गोविंद दास, संत जगजीत सिंह, स्वामी हरिहरानंद सहित बड़ी संख्या में संत-महंत एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभा रहीं साध्वी नेहा आनंद देव : महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद देव






