मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में विभिन्न घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चला विशेष अभियान, टनों कूड़ा और अपशिष्ट एकत्रित कर भेजा गया निस्तारण के लिए
हरिद्वार, 31 अक्टूबर 2026।
कुंभ मेला-2027 के सफल एवं भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन का विशेष स्वच्छता महाअभियान लगातार गति पकड़ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को लगातार 11वें दिन भी शहर के विभिन्न गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में नगर निगम, जिला पंचायत, सामाजिक संस्थाओं, संत-महात्माओं, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
अभियान के अंतर्गत नगर निगम की टीमों द्वारा हनुमान घाट से कुशा घाट एवं विष्णु घाट तक तथा आयरिश पुल से कनखल श्मशान घाट तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में कूड़ा, पुराने कपड़े, पॉलिथीन और अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्रित की गई। एकत्रित कचरे को उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया।
वहीं, जिला पंचायत हरिद्वार की ओर से विकासखंड बहादराबाद के पृथ्वीराज चौक एवं रोशनाबाद के हेतमपुर क्षेत्र में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान 46 किलोग्राम प्लास्टिक एवं पॉलिथीन एकत्रित कर निस्तारण के लिए कंपैक्टर शेड बहादराबाद भेजी गई। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय पंजाबी महासभा, गुरु नानक देव जी घाट समिति एवं आदर्श विकास समिति की ओर से गुरु नानक देव जी घाट, रानीपुर में सफाई अभियान संचालित किया गया।
इसी क्रम में हर की पैड़ी क्षेत्र के आसपास श्री गंगा सभा, नगर निगम, जिला प्रशासन, पन्नालाल इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं एकम्स के साथ मिश्री मठ के अनुयायियों और श्रद्धालुओं ने विशेष स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं अनुयायी सफाई कार्य में जुटे। अभियान के दौरान दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से एकत्रित कूड़े को निस्तारण के लिए भेजा गया।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। गंगा घाटों, मंदिर परिसरों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवियों, विभागीय कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
स्वच्छता अभियान के दौरान मिश्री मठ के मठाधिपति महामंडलेश्वर श्री करौली शंकर महाराज, नया उदासीन अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत धूनी दास जी महाराज, भारत साधु समाज से महंत ऋषिवरानंद जी महाराज, कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, योगी आशुतोष स्वामी जी, घाट समिति के अध्यक्ष हरमोहन तनेजा, आदर्श विकास समिति के सदस्य, मातृशक्ति, वरुण भाटिया, लक्ष्मण सिंह सेठी, सतनाम भाटिया सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन एवं सामाजिक संगठनों से अपील की गई है कि वे इस विशेष स्वच्छता महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। गंगा घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं तथा पुराने कपड़ों एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर जमा कराएं, ताकि उनका उचित निस्तारण किया जा सके।
जिला प्रशासन का उद्देश्य जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से कुंभ मेला-2027 से पहले हरिद्वार के गंगा घाटों, मंदिर परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है।






