भागीरथ महोत्सव मेला 3.0 में सजेगी सुरों की महफिल, ममता भारद्वाज, राधा श्रीवास्तव और मंजू नौटियाल देंगी शानदार प्रस्तुतियां1, 3 और 5 नवंबर को अलग-अलग थीम पर होंगी भव्य संगीत संध्याएं, भोजपुरी और गढ़वाली गीतों से गूंजेगा मेला परिसर
हरिद्वार। भेल क्षेत्र के धीरवाली रोड स्थित सीएफएफपी (फाउंड्री) गेट के सामने आयोजित भागीरथ महोत्सव मेला 3.0 में आगामी तीन दिनों तक संगीत, सुरों और मनोरंजन का शानदार संगम देखने को मिलेगा। मेले में देश और उत्तराखंड की लोकप्रिय गायिकाएं अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। ममता भारद्वाज, राधा श्रीवास्तव और मंजू नौटियाल की प्रस्तुतियां मेले के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी।भागीरथ जनकल्याण सेवा समिति (रजि.), हरिद्वार के अध्यक्ष मनोज मोहन यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले में संगीत प्रेमियों के मनोरंजन के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 1 नवंबर को सारेगामा फेम गायिका ममता भारद्वाज अपनी शानदार गायकी से संगीत संध्या को यादगार बनाएंगी।वहीं, 3 नवंबर को भोजपुरी नाइट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें इंडियन आइडल फेम गायिका राधा श्रीवास्तव अपनी मधुर आवाज और शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगी। भोजपुरी संगीत की रंगारंग प्रस्तुतियों से मेला परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिलेगा।इसके अलावा 5 नवंबर को गढ़वाली म्यूजिकल नाइट का भव्य आयोजन होगा। इसमें उत्तराखंड की लोकप्रिय लोकगायिका मंजू नौटियाल और गायक अमित खरे अपनी शानदार लोकगीतों की प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपरा और संगीत की छटा बिखेरेंगे।मनोज मोहन यादव ने बताया कि भागीरथ महोत्सव मेला 3.0 के माध्यम से क्षेत्रवासियों को मनोरंजन के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत और लोककला से जुड़ने का अवसर भी मिल रहा है। मेले में आयोजित होने वाली ये संगीत संध्याएं निश्चित रूप से दर्शकों के लिए यादगार साबित होंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों और संगीत प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की।






