दंडवत यात्रा के बाद गंगा सेवा का महाअभियान, 31 अक्टूबर को हर की पैड़ी पर होगा विशाल स्वच्छता अभियान
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धा, भक्ति और गुरु सेवा का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करने वाली ऐतिहासिक दंडवत यात्रा के बाद अब मां गंगा की निर्मलता और स्वच्छता के लिए एक विशाल जनअभियान की तैयारी है। दंडवत यात्रा में उमड़े हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता के बाद अब 31 अक्टूबर को हर की पैड़ी पर विशाल गंगा स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा।
प्रातः 10 बजे से शुरू होने वाले इस अभियान में लगभग 20 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। शंकर सेना के स्वयंसेवकों और देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं की सहभागिता से मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
दंडवत यात्रा ने जहां गुरु भक्ति, आस्था, समर्पण और सामूहिक अनुशासन की अनूठी मिसाल पेश की है, वहीं अब गंगा स्वच्छता अभियान के माध्यम से श्रद्धालु अपनी आस्था को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य केवल स्वच्छता करना ही नहीं, बल्कि लोगों को मां गंगा के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी है।
गुरु भक्ति से गंगा सेवा तक का यह संकल्प धर्मनगरी हरिद्वार में एक प्रेरणादायक संदेश दे रहा है। अब सभी की निगाहें 31 अक्टूबर को हर की पैड़ी पर होने वाले इस विशाल अभियान पर टिकी हैं, जहां हजारों श्रद्धालु एकजुट होकर मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता का संकल्प लेंगे।
पूजा शर्मा, रिपोर्टर हरिद्वार, उत्तराखंड






