श्री नटनागर जी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, संतों के पावन सानिध्य में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद
संतों का सानिध्य और सत्संग जीवन को देते हैं सही दिशा : गोस्वामी श्री दीक्षित बाली जी
हरिद्वार। भूपतवाला जीडी पुरम, ऋषिकेश रोड स्थित जैन मंदिर के पीछे श्री नटनागर जी धाम की पावन गद्दी पर संत परम पूज्य एवं प्रातः स्मरणीय गोस्वामी श्री दीक्षित बाली जी महाराज के पावन सानिध्य में विशाल संत-भक्त समागम का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच संपन्न हुआ। समागम में दूर-दराज से पहुंचे संत-महात्माओं के साथ हजारों श्रद्धालु भक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर संतों के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किए।
समागम के दौरान पूरा श्री नटनागर जी धाम संत-महात्माओं के जयघोष, भक्ति गीतों और आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं में संतों के दर्शन एवं आशीर्वचन प्राप्त करने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। पावन वातावरण में आयोजित संत-भक्त समागम में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर प्रातः स्मरणीय गोस्वामी श्री दीक्षित बाली जी महाराज ने अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, सेवा, सदाचार, गुरु भक्ति एवं मानव कल्याण का संदेश प्रदान किया। उन्होंने कहा कि संतों का सानिध्य और सत्संग मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करता है। संतों के बताए मार्ग पर चलकर व्यक्ति अपने जीवन में आध्यात्मिक उन्नति के साथ समाज और मानवता की सेवा भी कर सकता है। प्रभु भक्ति के साथ सेवा, परोपकार और सदाचार को जीवन का आधार बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में संत-महात्माओं का सानिध्य सदैव जीवन के लिए प्रेरणादायी रहा है। सत्संग के माध्यम से मनुष्य को आत्मचिंतन, सद्कर्म और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। संतों की वाणी मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।
संत-महात्माओं ने भी श्रद्धालुओं को अपने आशीर्वचनों से अभिसिंचित करते हुए सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों, गुरु भक्ति, सेवा और परोपकार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। संतों के मुखारविंद से निकले भक्ति एवं ज्ञान से ओत-प्रोत वचनों को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
समागम में शामिल हजारों श्रद्धालुओं ने संतों के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। अनेक श्रद्धालुओं ने संतों के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए स्वयं को धन्य बताया। आयोजन के दौरान श्री नटनागर जी धाम में देर तक भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा।
विशाल संत-भक्त समागम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। संतों के पावन सानिध्य में संपन्न इस धार्मिक आयोजन ने हरिद्वार की समृद्ध संत परंपरा और आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक जीवंत किया। अंत में श्रद्धालुओं ने संत-महात्माओं के चरणों में नमन कर उनके आशीर्वाद को अपने जीवन का परम सौभाग्य बताया।






