पीएनबी खड़खड़ी शाखा के नवनिर्मित परिसर का भव्य उद्घाटन, ग्राहकों को मिलेंगी आधुनिक एवं बेहतर बैंकिंग सुविधाएं
हरिद्वार। खड़खड़ी स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा एवं मंडल कार्यालय हरिद्वार के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन श्री अनुपम आंचल, प्रमुख देहरादून ने कर-कमलों द्वारा किया। इस अवसर पर श्री रंजन प्रकाश, मंडल प्रमुख हरिद्वार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए बैंक अधिकारियों ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक अपने ग्राहकों को सरल, सुरक्षित और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवनिर्मित परिसर के माध्यम से ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं का अधिक सुविधाजनक और बेहतर अनुभव प्राप्त होगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ शाखा प्रबंधक श्री गजेंद्र सिंह ने बैंक की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बैंक लगातार अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है। वर्तमान समय में डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते महत्व को देखते हुए ग्राहकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि बैंक की विभिन्न जमा योजनाओं, ऋण सुविधाओं, डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन लेन-देन तथा अन्य ग्राहक सुविधाओं का लाभ पात्र ग्राहक प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने ग्राहकों से अपील की कि बैंकिंग लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतें और अपने बैंक खाते से संबंधित एटीएम पिन, ओटीपी, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
श्री अनुपम आंचल ने कहा कि किसी भी बैंक की सफलता में ग्राहकों का विश्वास और कर्मचारियों की सेवा भावना महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने तथा बैंकिंग व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
वहीं श्री रंजन प्रकाश ने कहा कि नवनिर्मित परिसर बैंक की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बैंक अपने ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। उपस्थित लोगों ने नवनिर्मित परिसर की सुविधाओं की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यहां ग्राहकों को आने वाले समय में और बेहतर एवं आधुनिक बैंकिंग सेवाएं प्राप्त होंगी। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
पीएनबी खड़खड़ी शाखा के नवनिर्मित परिसर का भव्य उद्घाटन, ग्राहकों को मिलेंगी आधुनिक एवं बेहतर बैंकिंग सुविधाएं






