108 वर्षीय संत श्री नारायण दास पटवारी जी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित माँ कुटी, उत्तम बस्ती (ऋषिकेश रोड) में वैष्णव संप्रदाय के वरिष्ठतम एवं 108 वर्षीय पूज्य संत श्री नारायण दास पटवारी जी महाराज का जन्मोत्सव समारोह बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर अनेक संत-महापुरुषों के पावन सानिध्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह में संत-महापुरुषों ने पूज्य महाराज के तप, त्याग, सेवा और आध्यात्मिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके व्यक्तित्व को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
महामंडलेश्वर स्वामी हरि चेतनानंद महाराज ने कहा कि पूज्य पटवारी जी महाराज का संपूर्ण जीवन धर्म, भक्ति और मानव सेवा को समर्पित रहा है। उनका सानिध्य समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है और नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति के संरक्षण की प्रेरणा देता है।
महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद महाराज ने कहा कि संतों का जीवन स्वयं एक दिव्य संदेश होता है और पटवारी जी महाराज ने अपने आचरण व साधना से असंख्य लोगों को धर्ममार्ग पर अग्रसर किया है।
महंत सूरज दास जी महाराज ने उन्हें विरक्त एवं तपस्वी संत बताते हुए कहा कि ऐसे संत विरले ही होते हैं, जिनका जीवन लोककल्याण और प्रभु भक्ति के लिए समर्पित हो।
महंत दुर्गा दास महाराज ने उनके जीवन को सादगी, सेवा और समर्पण का अद्भुत उदाहरण बताया। वहीं किशोरी धाम, हरिपुर के स्वामी बाबा मोहन दास महाराज ने कहा कि संत समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं और पटवारी जी महाराज का जीवन भक्ति, नाम-स्मरण और करुणा का सजीव स्वरूप है।
कार्यक्रम के अंत में संत-महापुरुषों का सम्मान किया गया तथा पूज्य श्री नारायण दास पटवारी जी महाराज के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर आध्यात्मिक मार्गदर्शन की मंगलकामना की गई। संपूर्ण वातावरण भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर महंत केशवानंद महाराज, कोतवाल कमल मुनि महाराज, कोतवाल रामदास महाराज, कोतवाल धर्मदास महाराज, कोतवाल श्याम गिरी महाराज सहित बड़ी संख्या में संत-महापुरुष एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भंडारे में भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
108 वर्षीय संत श्री नारायण दास पटवारी जी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्नहरिद्वार। भूपतवाला स्थित माँ कुटी, उत्तम बस्ती

