श्री जुगत निवास आश्रम में झूलेलाल भगवान का भव्य उत्सव: सत्संग व भजन-कीर्तन में झूमे श्रद्धालु

श्री जुगत निवास आश्रम में झूलेलाल भगवान का भव्य उत्सव: सत्संग व भजन-कीर्तन में झूमे श्रद्धालु

हरिद्वार के श्रवणनाथ नगर स्थित निरंजनी अखाड़ा रोड पर प्रसिद्ध श्री जुगत निवास आश्रम में भगवान झूलेलाल के पावन उत्सव के अवसर पर भव्य सत्संग, भजन-कीर्तन एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान महामंडलेश्वर श्री गंगा दास उदासीन जी महाराज तथा साध्वी सुशीला जी महाराज के पावन सान्निध्य में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भक्तों ने भगवान झूलेलाल के भजनों पर नृत्य एवं कीर्तन करते हुए भक्ति रस का आनंद लिया। पूरे आश्रम का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से ओत-प्रोत रहा।

श्रद्धालुओं ने भगवान झूलेलाल का विधिवत पूजन-अर्चन कर विश्व में सुख, शांति, सद्भाव एवं मानव कल्याण की कामना की। मधुर भजन-कीर्तन की प्रस्तुतियों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा और सभी ने इस दिव्य उत्सव को अत्यंत उत्साह के साथ मनाया।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर श्री गंगा दास उदासीन जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि भगवान झूलेलाल प्रेम, सेवा, सद्भाव और मानवता के प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति ईश्वर के नाम का स्मरण करते हुए सत्य, करुणा और परोपकार के मार्ग पर चलता है, उसके जीवन में सदैव सुख, शांति और ईश्वरीय कृपा बनी रहती है।

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से धर्म, संस्कृति और मानवीय मूल्यों को अपनाकर समाज में प्रेम एवं भाईचारे का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया तथा गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धर्ममय एवं सेवा भाव से युक्त बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!