हरिद्वार में ई-रिक्शा डीलरशिपों पर बड़ा एक्शन: तीन प्रतिष्ठान सील, कई को नोटिस

हरिद्वार में ई-रिक्शा डीलरशिपों पर बड़ा एक्शन: तीन प्रतिष्ठान सील, कई को नोटिस

हरिद्वार, 23 जून 2026
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में हरिद्वार जनपद में संचालित ई-रिक्शा डीलरशिपों की जांच के लिए परिवहन विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जगजीतपुर क्षेत्र में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान क्षेत्र की विभिन्न ई-रिक्शा डीलरशिपों का निरीक्षण किया गया, जिसमें वैध ट्रेड सर्टिफिकेट (Trade Certificate) तथा अग्रिम कर (Advance Tax) के भुगतान से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में आवश्यक दस्तावेजों और वैधानिक औपचारिकताओं में अनियमितताएं पाई गईं।

गंभीर अनियमितताओं के चलते तीन ई-रिक्शा डीलरशिपों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए उनके प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। वहीं, चार अन्य प्रतिष्ठानों के स्वामी निरीक्षण के समय अनुपस्थित पाए गए और उनके प्रतिष्ठान बंद मिले। ऐसे मामलों में विभाग द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों के शटरों पर नोटिस चस्पा कर निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध ट्रेड सर्टिफिकेट और निर्धारित करों के भुगतान के वाहन व्यवसाय का संचालन करना मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी नियमित निरीक्षण और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

इस अभियान में परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती तथा संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन सहित परिवहन विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।

परिवहन विभाग ने सभी ई-रिक्शा विक्रेताओं और वाहन डीलरों से अपील की है कि वे सभी वैधानिक नियमों, ट्रेड सर्टिफिकेट की शर्तों और कर भुगतान से संबंधित प्रावधानों का पूर्ण पालन करें, अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!