उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के पश्चिम हरिद्वार क्षेत्रीय कार्यालय का भव्य लोकार्पण

उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के पश्चिम हरिद्वार क्षेत्रीय कार्यालय का भव्य लोकार्पण

हाईटेक बैंकिंग सेवाओं से ग्राहकों को मिलेगा आधुनिक एवं त्वरित सुविधाओं का लाभ

हरिद्वार। जगजीतपुर स्थित उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के पश्चिम हरिद्वार क्षेत्रीय कार्यालय का आज विधिवत लोकार्पण एवं शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बैंक के अध्यक्ष श्री हरिहर पटनायक, महाप्रबंधक श्रीमती भारती नौटियाल तथा क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीमती उमा नाथ ने दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह को संबोधित करते हुए बैंक अध्यक्ष श्री हरिहर पटनायक ने कहा कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रत्येक वर्ग को सुलभ, सुरक्षित और विश्वसनीय बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि यह नई क्षेत्रीय शाखा आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है, जिससे ग्राहकों को तेज, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ मिल सकेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्यालय पश्चिम हरिद्वार क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देगा और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों, महिलाओं, युवाओं और छोटे उद्यमियों को सशक्त बनाएगा।

महाप्रबंधक श्रीमती भारती नौटियाल ने अपने संबोधन में कहा कि बैंक समय के साथ डिजिटल और हाईटेक बैंकिंग को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने बताया कि नई शाखा में डिजिटल लेन-देन, ऑनलाइन बैंकिंग, त्वरित ग्राहक सेवा, सुरक्षित वित्तीय प्रबंधन और तकनीकी रूप से उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। उनका कहना था कि बैंक का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को सरल, सुरक्षित और भरोसेमंद बैंकिंग अनुभव प्रदान करना है।

क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीमती उमा नाथ ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्रीय कार्यालय बैंक की कार्यक्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा तथा ग्राहकों की आवश्यकताओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेगा।

इस अवसर पर श्री विवेक गुप्ता, श्री रोहित बडोला, सहायक प्रबंधक विपिन सैनी, आकाश सजन, सचिन सैनी, मणिकांत आर्य, अखिलेश कुमार, कुलदीप नेगी, अभिषेक वर्मा, विश्व विजय, विनोद राठौड़ी, मयंक सिंघिया, पंकज कुमार, श्री दिनेश कुमार गुप्ता, श्री अखिलेश डबराल सहित बैंक के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!