गुरु पूर्णिमा महापर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ हरिद्वार में धूमधाम से मनाया गया
हरिद्वार, भूपतवाला स्थित श्री अखंड गीता मंदिर आश्रम में गुरु पूर्णिमा महापर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर आश्रम के संस्थापक परमाध्यक्ष श्री 1008 स्वामी सदानंद जी महाराज की कृपा से कार्यक्रम का आयोजन प्रातः स्मरणीय परम पूज्य साध्वी पूर्णानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।
देश-विदेश से आए श्रद्धालु भक्तों ने गुरु पूजन, भजन-कीर्तन तथा सत्संग में भाग लेकर गुरु चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। आश्रम परिसर पूरे दिन भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा और जयघोषों के साथ गुरु महिमा का गुणगान किया गया।
इस अवसर पर साध्वी पूर्णानंद जी महाराज ने अपने प्रवचन में गुरु की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं, जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर जीवन को ज्ञान, भक्ति और सदाचार के प्रकाश से आलोकित करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के बताए मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति कभी भटकता नहीं और उसे ईश्वर की कृपा सहज ही प्राप्त होती है।
उन्होंने आगे कहा कि गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और सेवा ही मानव जीवन का वास्तविक आभूषण है। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा विश्व के कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की मंगलकामना की गई।

