गुरु पूर्णिमा महोत्सव भव्यता से संपन्न, स्वामी प्रबोधानंद महाराज का सनातन विरोधियों पर तीखा प्रहार

गुरु पूर्णिमा महोत्सव भव्यता से संपन्न, स्वामी प्रबोधानंद महाराज का सनातन विरोधियों पर तीखा प्रहार

हरिद्वार (गाजीवाला): हरिद्वार के कांगड़ी गाजीवाला स्थित बालाजी धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

महोत्सव के दौरान स्वामी प्रबोधानंद महाराज ने अपने प्रेरणादायी और आध्यात्मिक विचारों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने सनातन धर्म की महिमा और उसके संरक्षण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

इस अवसर पर स्वामी जी ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मां मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री महंत रवींद्र पुरी जी महाराज को मिली जान से मारने की धमकी पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने इस कृत्य को देश और सनातन संस्कृति के विरुद्ध एक गंभीर षड्यंत्र बताते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

स्वामी प्रबोधानंद महाराज ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “सनातन धर्म और हमारे पूज्य संतों पर किसी भी प्रकार का प्रहार कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने प्रशासन से ऐसे असामाजिक तत्वों पर तुरंत और कठोर कार्रवाई करने का आग्रह किया।

संत समाज की एकता को सर्वोपरि बताते हुए स्वामी जी ने अखाड़ा परिषद की दो अलग-अलग इकाइयों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने सभी संतों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया और अखाड़ा परिषद को पुनः एक करने पर जोर दिया, ताकि सनातन धर्म की शक्ति और अखंडता सुदृढ़ बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!