गुरु पूर्णिमा पर दीप्ति कुटीर में बरसी गुरु कृपा, स्वामी योगेश्वरानंद महाराज के सानिध्य में भव्य आयोजन
हरिद्वार। धार्मिक नगरी हरिद्वार के हरिपुर कलां (गीता कुटीर वाली गली) स्थित दीप्ति कुटीर आनंदवन में गुरु पूर्णिमा महापर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर परम पूज्य स्वामी योगेश्वरानंद जी महाराज के दिव्य सानिध्य में देश-विदेश से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रातःकाल से ही आश्रम परिसर गुरु भक्ति से ओत-प्रोत रहा। भजनों की मधुर धुनों और “गुरुदेव भगवान की जय” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गुरु पूजन, आरती एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए।
इस अवसर पर स्वामी योगेश्वरानंद जी महाराज ने अपने ओजस्वी एवं प्रेरणादायक उद्बोधन में गुरु महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि “गुरु केवल एक शरीर नहीं, बल्कि चेतना और सनातन तत्व हैं। अज्ञान के अंधकार को मिटाकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाने वाली शक्ति ही गुरु है। बिना गुरु कृपा के ईश्वर प्राप्ति संभव नहीं है।”
उनके दिव्य वचनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और सभी भक्त गुरु महिमा में डूबकर कृतार्थ हुए।
कार्यक्रम के अंत में भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरु कृपा का अनुभव किया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने गुरु भक्ति, शांति और धर्म मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

