ज्वालापुर पाँव धोई स्थित क्रेसेंट पब्लिक स्कूल में विज्ञान कला प्रदर्शनी (Science Art Exhibition) का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद हरविंदर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर छात्रों द्वारा बनाए गए विज्ञान मॉडलों का निरीक्षण किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की।
मुख्य अतिथि हरविंदर सिंह ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनी बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और प्रयोग की भावना को बढ़ावा देती है। उन्होंने विज्ञान को दैनिक जीवन से जोड़कर समझने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला और छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में स्कूल के संस्थापक भाई इमरान एवं भाई जमील भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों पर दिए जा रहे जोर की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्कूल का उद्देश्य छात्रों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर व्यावहारिक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है।
प्रदर्शनी में छात्रों ने विज्ञान, पर्यावरण, तकनीक और सामाजिक विषयों पर आधारित अनेक आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर अभिभावक और अतिथि अत्यंत प्रभावित हुए। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
क्रेसेंट पब्लिक स्कूल में विज्ञान कला प्रदर्शनी का आयोजन, छात्रों की प्रतिभा ने किया प्रभावित

