स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार बनाने के लिए सामाजिक संगठनों ने मिलाया हाथ, आमजन से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील
हरिद्वार, 01 नवंबर। धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से स्वच्छता अभियान पखवाड़े के अंतर्गत रविवार को परशुराम घाट, शंकराचार्य चौक के समीप व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन, उत्तराखंड ब्राह्मण महासभा एवं श्री अखंड परशुराम अखाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व पंडित पदम प्रकाश शर्मा ने किया। अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों, समाजसेवियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि हरिद्वार को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने के संकल्प के साथ यह अभियान लगातार प्रतिदिन संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार, 02 नवंबर को जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र में भी स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन के अध्यक्ष पंडित पदम प्रकाश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक को अपने शहर, प्रदेश और देश को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लेना चाहिए। स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी नागरिकों का सामूहिक कर्तव्य है। जब प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएगा, तभी स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत का सपना साकार हो सकेगा।
उन्होंने सामाजिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग इस अभियान से जुड़ें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छता का यह संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है।
सफाई अभियान में मुख्य रूप से पंडित अधीर कौशिक, भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री, अर्जुन पंडित, रुद्र भट्ट, आदित्य जुगरान, सरिता त्रिपाठी (सेतु फाउंडेशन), रिम्पी गर्ग, डॉ. विनय सिंह, डॉ. वनित, अतुल गौड़, पुष्कर तिवारी, दर्शवर्धन तिवारी, प्रभात शर्मा, संदीप शर्मा, राजेंद्र पराशर, विनीत धीमान, नरेश शर्मा, विनीत कुमार, शार्थक शर्मा एवं अंश शर्मा सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।
अभियान के समापन पर सभी सहभागियों ने एक स्वर में स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार और स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया। साथ ही लोगों से अपील की कि वे धार्मिक स्थलों, गंगा घाटों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं तथा स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें।






