श्री योगेश्वर आश्रम में महंत स्वामी रामानंद महाराज की पुण्यतिथि पर भव्य संत भंडारा आयोजित

श्री योगेश्वर आश्रम में महंत स्वामी रामानंद महाराज की पुण्यतिथि पर भव्य संत भंडारा आयोजित

हरिद्वार। निरंजनी अखाड़ा रोड स्थित श्री योगेश्वर आश्रम में प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान 108 महंत स्वामी रामानंद जी महाराज की पावन पुण्यतिथि श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ अत्यंत धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विशाल संत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं एवं भक्तजनों ने सहभागिता कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम का आयोजन महंत स्वामी नरेंद्र गिरी जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गुरु पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जिससे पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर महंत स्वामी नरेंद्र गिरी जी महाराज ने अपने उद्बोधन में गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु ही जीवन को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान, भक्ति एवं आत्मबोध के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण एवं सेवा ही शिष्य का सर्वोच्च धर्म है तथा गुरु कृपा से ही मनुष्य का जीवन सफल और सार्थक बनता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को गुरु पूर्णिमा महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए अपना आशीर्वाद भी प्रदान किया।

महंत परम पूज्य स्वामी संजीव पुरी जी महाराज ने भी अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु भारतीय सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। गुरु न केवल शिक्षा देते हैं, बल्कि अपने तप, त्याग और आचरण से समाज को धर्म, सेवा एवं सदाचार का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने सभी से गुरु के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

पुण्यतिथि समारोह के दौरान भजन-कीर्तन, संत वंदना एवं गुरु स्मरण का भावपूर्ण आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके दिव्य व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया।

कार्यक्रम के उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में संत-महात्माओं एवं हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे आश्रम परिसर में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर महंत संजीव पुरी महाराज, महंत सूरज दास महाराज, महंत धनेश्वर दास महाराज, महंत वीरेंद्र स्वरूप महाराज, पंजाबी बाबा योगी गणेश नाथ महाराज, श्री सुरेंद्र ब्रह्मचारी, महंत मुरारी दास महाराज, महंत भारत मुनि महाराज, महंत कृष्ण स्वरूप महाराज, महंत मोहन सिंह महाराज, महंत नारायण दास पटवारी महाराज, स्वामी महंत अतंतानंद महाराज, साध्वी राधा गिरी महाराज, महंत कमलेशानंद सरस्वती, महंत कैलाशानंद महाराज, महंत तीरथ सिंह महाराज, महंत प्रेमदास महाराज, महंत प्रेमानंद महाराज, महंत नरेंद्र गिरी महाराज, महंत सुतीक्ष्ण मुनि महाराज, महंत दिनेश दास महाराज, साध्वी तृप्ता महाराज, विनोद महाराज सहित अनेक संत-महापुरुष एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने गुरु भगवान 108 महंत स्वामी रामानंद जी महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों एवं शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!