धर्मेंद्र चौधरी फिर बने प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष, सूर्यकांत बेलवाल महामंत्री निर्वाचित
शत-प्रतिशत मतदान के साथ संपन्न हुआ चुनाव, 20 कार्यकारिणी सदस्यों का भी हुआ चयन
हरिद्वार, 29 मार्च। प्रेस क्लब हरिद्वार के वर्ष 2026-27 के लिए आयोजित वार्षिक चुनाव में धर्मेंद्र चौधरी एक बार फिर अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि सूर्यकांत बेलवाल को महामंत्री चुना गया। चुनाव प्रक्रिया में शत-प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो सदस्यों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में धर्मेंद्र चौधरी ने 84 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अश्वनी अरोड़ा को 34 मत मिले। वहीं महामंत्री पद पर सूर्यकांत बेलवाल को 86 मत प्राप्त हुए, जबकि डॉ. हिमांशु द्विवेदी को 34 मतों से संतोष करना पड़ा।
चुनाव अधिकारी प्रदीप गर्ग ने चुनाव परिणामों की घोषणा करते हुए अध्यक्ष, महामंत्री सहित 20 कार्यकारिणी सदस्यों के निर्वाचित होने की जानकारी दी, जिसका सभी सदस्यों ने स्वागत किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि वे प्रेस क्लब के सभी सदस्यों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि पिछले वर्ष शुरू किए गए कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्षों डॉ. शिव शंकर जायसवाल, सुनील दत्त पांडे, गुलशन नैय्यर, आदेश त्यागी, रामचंद्र कनौजिया, राजेश शर्मा, अमित शर्मा, श्रवण झा, दीपक नौटियाल, नरेश गुप्ता सहित चुनाव संचालन समिति के डॉ. मनोज कुमार सोही, लव कुमार शर्मा, सुभाष कपिल एवं राहुल वर्मा तथा अन्य वरिष्ठ सदस्यों एवं सामाजिक गणमान्य व्यक्तियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
धर्मेंद्र चौधरी फिर बने प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष,

