प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर मां मनसा देवी मंदिर में गूंजे मंगलकामना के स्वर
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी ने दी जन्मदिवस की शुभकामनाएं, श्रद्धालुओं को बांटे 76 किलो लड्डू
हरिद्वार, 17 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने मां मनसा देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को 76 किलो लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया।
श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के रूप में देश को एक महापुरुष प्रधानमंत्री मिला है। उनके नेतृत्व में भारत का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आर्थिक और सामरिक रूप से मजबूत हुआ है तथा सनातन संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ और हिंदू समाज की लगभग पांच सौ वर्षों की प्रतीक्षा समाप्त हुई। उन्होंने कहा कि सनातन समाज की अनेक धार्मिक आकांक्षाएं अभी भी शेष हैं। उन्होंने मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि के संबंध में कहा कि सनातन जगत की आकांक्षा है कि जन्मभूमि से जुड़े विषय का समाधान हो और वहां भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर स्थापित हो।
इस अवसर पर मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा, महंत राज गिरी, मंदिर प्रबंधक महेश दुबे, स्वामी दिव्य आत्मानंद महाराज, विश्वास आनंद महाराज, अमित वालिया सहित बड़ी संख्या में संत-महंत एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।






