हरिपुरकलां में एक माह तक चलेगा मास-ध्यान साधना शिविर, 9 अक्टूबर को संत सम्मेलन एवं विशाल भंडारा
हरिद्वार (हरिपुरकलां)। संतमत के प्रथम अन्नक्षेत्र “महर्षि मेंहीं अन्नक्षेत्र”, शारदा पैलेस, शांतिमार्ग हरिपुरकलां में आगामी 10 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक एक माह का मास-ध्यान साधना शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का समापन 9 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे संत सम्मेलन एवं विशाल भंडारे के साथ होगा।
शिविर में संतमत परंपरा से जुड़े अनेक संत-महात्माओं का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। इस दौरान साधकों के लिए ध्यान, साधना एवं सत्संग के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार गुरु चरणसेवी स्वामी प्रमोदजी महाराज, स्वामी निर्मलानन्द बाबा, स्वामी गुरुनन्दन बाबा, स्वामी परमानन्द बाबा, स्वामी गुरुशरण बाबा, स्वामी नन्दन बाबा, स्वामी बिन्देश्वरी बाबा, स्वामी अनिल बाबा, स्वामी रामविलास बाबा, स्वामी अभिषेक बाबा, स्वामी सनातन बाबा, स्वामी संजीवानन्द बाबा, स्वामी तपेश्वर बाबा एवं स्वामी श्याम बाबा सहित अन्य वरिष्ठ साधु-संत एवं महात्मा शिविर में उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने बताया कि शिविर में शामिल होने वाले इच्छुक साधक-साधिकाओं के लिए व्यवस्था शुल्क स्वेच्छानुसार रखा गया है। शिविर में भाग लेने के लिए 30 अगस्त 2026 तक नामांकन कराकर स्वीकृति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। सभी साधकों से अपेक्षा की गई है कि वे 9 सितंबर की संध्या तक अपने दैनिक व्यवहार की आवश्यक सामग्री के साथ शिविर स्थल पर पहुंच जाएं।
गुरु की कृपा से मानव जीवन होता है सार्थक
इस अवसर पर श्री पंकज दास ने कहा कि इस संसार में गुरु की महिमा अनंत है। गुरु की कृपा से मनुष्य अपने मानव जीवन को धन्य और सार्थक बना सकता है। गुरु हमारे जीवन के सबसे बड़े मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के बिना ज्ञान नहीं, गुरु के बिना कल्याण नहीं और गुरु के बिना मुक्ति नहीं। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही मनुष्य अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझ सकता है।
उन्होंने साधक-साधिकाओं से अधिक से अधिक संख्या में मास-ध्यान साधना शिविर में शामिल होकर ध्यान, साधना और सत्संग का लाभ लेने का आह्वान किया।
कैसे पहुंचें
हरिद्वार जंक्शन से शांतिकुंज चुंगी के पास उतरकर टोटो अथवा ऑटो के माध्यम से हरिपुरकलां स्थित शारदा पैलेस, महर्षि मेंहीं अन्नक्षेत्र पहुंचा जा सकता है।
संपर्क:
स्वामी गुरुनन्दन बाबा: 7004916990
स्थान: संतमत के प्रथम अन्नक्षेत्र “महर्षि मेंहीं अन्नक्षेत्र”, शांतिमार्ग, हरिपुरकलां, हरिद्वार।






