अमरपुरा घाट पर सजा झूलेलाल मेला, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
हरिद्वार। पवित्र अमरपुरा घाट पर झूलेलाल भक्तों ने बहराणा साहिब मेले के अवसर पर भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। उल्हासनगर चालिया साहिब झूलेलाल मंदिर की ओर से इस मेले का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया, जिसमें देशभर से आए सिंधी समाज के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
मेले में शामिल भक्तों ने भगवान झूलेलाल के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए पारंपरिक वेशभूषा में भव्य शोभायात्रा निकाली। झांकी के साथ निकली इस यात्रा में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत किए गए भगवान झूलेलाल के मधुर भजनों और गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। “झूले झूले झूलेलाल, झूलेलाल… आयो लाल झूलेलाल, सिंधु के रखवाले झूलेलाल…” जैसे प्रसिद्ध भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। पूरा घाट भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक एकता के रंग में रंगा नजर आया।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए समाज में प्रेम, भाईचारे और सनातन सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया। यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर गया।

