🌳 वृक्षों का संरक्षण ही वृक्षारोपण की सफलता की कुंजी – जितेन्द्र रघुवंशी
हरिद्वार, 16 जुलाई।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में ज्वालापुर स्थित अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क में हरेला पर्व के अवसर पर भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने मिलकर 50 पौधों का रोपण किया और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में हरित ऋषि विजय पाल बघेल ने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, जिनका समाधान केवल अधिक से अधिक वृक्षारोपण से ही संभव है। उन्होंने हरेला पर्व को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि “पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षण मिलना ही वृक्षारोपण की सार्थकता है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि एक पौधा अपने पूर्वज स्वतंत्रता सेनानी के नाम और दूसरा अपनी माता के नाम अवश्य लगाएं। साथ ही उन्होंने हर महीने प्रथम रविवार को पौधों की समीक्षा करने और क्षतिग्रस्त पौधों के स्थान पर नए पौधे लगाने की आवश्यकता बताई।
वृक्ष दिवस अभियान के संयोजक सुरेश चंद सुयाल ने इस आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर आदित्य गहलोत, अनुराग सिंह गौतम, डॉ. वेद प्रकाश आर्य, परमेश चौधरी, हरविंदर सिंह, जोगिंद्र तनेजा, चमन लाल, दारा सिंह, श्रीमती मंजुलता भारती, श्रीमती आभा त्यागी, श्रीमती मीना, श्रीमती रीता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय ज्वालापुर के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण में भाग लिया।

