गुरु भक्ति से गूंजेगा हरिद्वार: बाबा जोध सचियार का पावन जन्मोत्सव 31 मई से 2 जून तक धूमधाम से मनाया जाएगा

गुरु भक्ति से गूंजेगा हरिद्वार: बाबा जोध सचियार का पावन जन्मोत्सव 31 मई से 1 जून तक धूमधाम से मनाया जाएगा
हरिद्वार:
धर्मनगरी हरिद्वार एक बार फिर गुरु भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में रंगने जा रही है। दूधाधारी चौक स्थित प्रसिद्ध आश्रम डेरा बाबा जोध सचियार में प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान बाबा जोध सचियार जी का पावन जन्मोत्सव 31 मई से 1 जून 2026 तक अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
इस दिव्य अवसर पर देशभर से श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं गुरु प्रेमी भक्तजन बड़ी संख्या में एकत्रित होंगे और गुरु भक्ति की अलौकिक धारा में डूबकर अपने जीवन को धन्य बनाएंगे। कार्यक्रम के दौरान भजन, सत्संग एवं ज्ञानामृत की मधुर वर्षा होगी, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्ति रस से सराबोर रहेगा।
इस आयोजन में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर साध्वी माता करुणा गिरी जी महाराज, भाई अरुण जी भयाना तथा भाई जयपाल सिंह भयाना जी अपने श्रीमुख से भजन एवं सत्संग प्रस्तुत करेंगे। भक्तजन गुरु महिमा और आध्यात्मिक संदेशों को सुनकर आत्मिक शांति एवं ऊर्जा का अनुभव करेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत पावन श्री अखंड पाठ साहिब जी एवं लड़ीवार पाठ का आयोजन भी डेरा साहब में संपन्न कराया जाएगा। इस अवसर पर प्रधान भाई विनोद भयाना (विधायक, हासी) तथा महासचिव भाई मदन मोहन भयाना (दिल्ली) का विशेष मार्गदर्शन एवं सान्निध्य प्राप्त होगा।
आश्रम के प्रबंधक श्री सुधीर भयाना जी ने गुरु महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु का स्थान इस संसार में सर्वोपरि है। गुरु ही अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के बिना जीवन अधूरा है और गुरु ही सच्चे मार्गदर्शक एवं भवसागर से पार लगाने वाले तारणहार होते हैं।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं गुरु प्रेमी भक्तों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन जन्मोत्सव, भजन संध्या एवं सत्संग का लाभ प्राप्त करें और अपने जीवन को गुरु कृपा से प्रकाशमय बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!