भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाई गई 35वीं पुण्यतिथि
हरिद्वार। श्री थाना राम आश्रम, भूपतवाला (हरिद्वार) में ब्रह्मलीन दंडी स्वामी शालिग्राम महाराज जी की 35वीं पुण्यतिथि अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में मनाई गई। इस पावन अवसर पर देशभर से संत-महात्माओं एवं श्रद्धालु भक्तों ने एकत्रित होकर पूज्य स्वामी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में सोनीपत के सांसद एवं थाना राम आश्रम के संचालक श्री सतपाल ब्रह्मचारी जी महाराज, श्री रवि देव शास्त्री जी महाराज, श्री हरिहरानंद जी महाराज, महंत दिनेश दास जी महाराज तथा उत्तराखंड सरकार में दर्जाधारी राज्य मंत्री श्री ओमप्रकाश जमदग्नि जी सहित अनेक संत एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। सभी ने ब्रह्मलीन स्वामी शालिग्राम जी के आध्यात्मिक जीवन, उनके आदर्शों और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर भजन-कीर्तन, सत्संग एवं प्रवचनों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा आश्रम भक्तिमय वातावरण में डूब गया। संतों ने अपने उद्बोधन में स्वामी जी के दिखाए मार्ग पर चलने और समाज में सेवा, प्रेम एवं सद्भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी आश्रमों से पधारे संतजन एवं श्रद्धालु भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
यह आयोजन न केवल श्रद्धा और आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज को आध्यात्मिक एकता और सद्भाव का संदेश भी दे गया।
भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाई गई 35वीं पुण्यतिथि

