“मुख्यमंत्री धामी ने किया शहद उत्पादन का अवलोकन, 45 दिनों में 520 किलो उत्पादन”
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर में शहद निकालने की प्रक्रिया का अवलोकन किया और मधुमक्खी पालन से जुड़े कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता और इससे जुड़े रोजगार अवसरों पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री आवास परिसर में इस वर्ष मात्र 45 दिनों की अवधि में 520 किलोग्राम शहद का उत्पादन किया गया, जिसे एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड में शहद उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए अपार संभावनाएं मौजूद हैं, विशेषकर पर्वतीय और वन क्षेत्रों में।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मधुमक्खी पालन (बी-कीपिंग) को ग्रामीण आजीविका का सशक्त माध्यम बनाने के लिए ठोस योजना तैयार की जाए। साथ ही किसानों और युवाओं को इस क्षेत्र से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और विपणन सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शहद उत्पादन न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने राज्य में ऑर्गेनिक और नैचुरल उत्पादों को प्रोत्साहित करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया
“मुख्यमंत्री धामी ने किया शहद उत्पादन का अवलोकन, 45 दिनों में 520 किलो उत्पादन”

