हरिद्वार में भाजपा का होली मिलन समारोह 1 मार्च को, ऋषिकुल मैदान में किया जाएगा

हरिद्वार में भाजपा का होली मिलन समारोह 1 मार्च को, तैयारियां पूरी
हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा हरिद्वार द्वारा 1 मार्च को प्रातः 11:00 बजे ऋषिकुल मैदान में भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए पार्टी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने बताया कि “फागोत्सव 2026” के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस होली मिलन कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 24 तारीख को प्रातः 11:00 बजे शुभांरभ बैंक्विट हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के सभी सक्रिय पदाधिकारी एवं वार्ड स्तर के कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व पालिका अध्यक्ष राजकुमार अरोड़ा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर सुशील चौहान, पूर्व राज्य मंत्री राकेश राजपूत, मेयर प्रतिनिधि सुभाष चंद्र तथा वरिष्ठ नेत्री श्रीमती अन्नू कक्कड़ की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने बताया कि इस बार होली मिलन कार्यक्रम को विशेष और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए मथुरा और बरसाने से राधा-कृष्ण की आकर्षक प्रस्तुति आयोजित की गई है। साथ ही फूलों की होली कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगी, जो उपस्थित जनसमूह को ब्रज की होली का आनंद प्रदान करेगी।
सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्यकर्ताओं में होली मिलन को लेकर अपार उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रत्येक वार्ड में पार्टी कार्यकर्ता पूरे जोश और समर्पण के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
आज आयोजित तैयारी बैठक में जिला उपाध्यक्ष तरुण नैयर, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजकुमार अरोड़ा, भाजयुमो के पूर्व प्रदेश मंत्री दीपांशु विद्यार्थी, संजय अग्रवाल, मुकेश कौशिक, रमेश गौड़ सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा द्वारा आयोजित यह होली मिलन समारोह सामाजिक समरसता, संगठनात्मक एकता और सांस्कृतिक उत्सव का प्रतीक बनने जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं आमजन के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!