हरिद्वार में राष्ट्रीय एकता का महाकुंभ देव संस्कृति विश्वविद्यालय में एनएसएस राष्ट्रीय एकीकरण शिविर का भव्य शुभारंभ

हरिद्वार। हरिद्वार में राष्ट्रीय एकता का महाकुंभ
देव संस्कृति विश्वविद्यालय में एनएसएस राष्ट्रीय एकीकरण शिविर का भव्य शुभारंभ
हरिद्वार, 23 फरवरी। देव संस्कृति विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के राष्ट्रीय एकीकरण शिविर का भव्य शुभारंभ उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
शिविर में देश के 13 राज्यों और 185 विश्वविद्यालयों से आए एक हजार से अधिक युवा प्रतिभाग कर रहे हैं। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित युवाओं ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता की अनुपम झलक प्रस्तुत कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। वातावरण देशभक्ति और उत्साह से ओतप्रोत रहा।
अपने संबोधन में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज का भारत युवा भारत है और युवा शक्ति में वह सामर्थ्य है जो हर चुनौती को अवसर में परिवर्तित कर सकती है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि यह लक्ष्य युवाओं के परिश्रम, नवाचार, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा से ही साकार होगा।
उन्होंने कहा कि सच्चा युवा वही है जिसके विचार पवित्र, लक्ष्य स्पष्ट और कर्म में निष्ठा हो। आज भारतीय युवा स्टार्टअप, विज्ञान, तकनीक और खेल के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। आने वाले समय में यही युवा भारत को विश्व की अग्रणी महाशक्ति के रूप में स्थापित करेंगे।
मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय एकीकरण शिविर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ‘विविधता में एकता’ की भावना को सशक्त करने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास होता है।
इससे पूर्व उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर स्थित ‘शौर्य दीवार’ पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि यह शिविर राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और पारस्परिक समझ को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। देश के विभिन्न हिस्सों से आए युवा आपसी संवाद और सहभागिता के माध्यम से एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को सुदृढ़ करेंगे।
कार्यक्रम में प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या, समरदीप सक्सेना तथा शांतिकुंज के व्यवस्थापक योगेंद्र गिरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय एकीकरण शिविर का यह आयोजन युवा ऊर्जा, सांस्कृतिक समन्वय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रेरणादायी प्रतीक बनकर उभरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!