कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने पर प्रशासन, पुलिस व सफाई कर्मियों का सम्मान

हरिद्वार, 13 अगस्त। कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रशासन, पुलिस, नगर निगम तथा सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। चरण पादुका मंदिर में आयोजित सम्मान समारोह में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज, अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी तथा निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया।

समारोह के दौरान श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज एवं श्रीमहंत हरि गिरी ने कांवड़ मेले के दौरान शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के चरण धोकर एवं आरती उतारकर उनका सम्मान किया।

श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयम, समर्पण और बेहतर समन्वय के साथ विशाल कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कांवड़ मेले में लगभग पांच करोड़ श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों ने सराहनीय योगदान दिया। इसके लिए सभी सफाई कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।

अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी ने कहा कि विशाल कांवड़ मेले के दौरान प्रशासनिक प्रबंधन, सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को बनाए रखना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य था। प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिस बेहतर समन्वय के साथ मेले को संपन्न कराया, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान किए गए प्रबंधों और प्राप्त अनुभव का लाभ अगले वर्ष होने वाले कुंभ मेले में भी मिलेगा।

निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी ने कहा कि कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराने में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारी-कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।

वहीं, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी, श्रीमहंत रामरतन गिरी सहित संत समाज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराना बेहद चुनौतीपूर्ण था। संत समाज और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

समारोह में महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महंत राज गिरी, महंत सतीश वन, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी, सहायक अभियंता भारत भूषण, मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा, महेश दुबे, पंडित अधीर कौशिक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!