पूर्व मुख्यमंत्री वी.सी. खंडूरी को संत समाज की श्रद्धांजलि, श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा—देश के लिए अपूरणीय क्षति
हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री वी.सी. खंडूरी के निधन पर संत समाज ने गहरा शोक व्यक्त किया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने खड़खड़ी शमशान घाट पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर चादर अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि वी.सी. खंडूरी एक ईमानदार, अनुशासित और दूरदर्शी राजनेता थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि सेना से लेकर राजनीति तक हर क्षेत्र में खंडूरी जी ने अपनी कार्यशैली, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा और उनके निधन से प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश को एक बड़ी क्षति हुई है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में संत समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, स्वामी ललितानंद गिरि महाराज, महंत रविदेव शास्त्री सहित अनेक संत-महात्माओं ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
पूरे वातावरण में शोक और श्रद्धा का भाव व्याप्त रहा, जहां सभी ने नम आंखों से पूर्व मुख्यमंत्री को अंतिम विदाई दी।
पूर्व मुख्यमंत्री वी.सी. खंडूरी को संत समाज की श्रद्धांजलि, श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा—देश के लिए अपूरणीय क्षति

