लघु रोजगार मेले में 96 युवाओं ने लिया हिस्सा, 9 का अंतिम चयन

38 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, सिडकुल की छह कंपनियों ने लिया साक्षात्कार

हरिद्वार, 30 सितंबर। जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार की ओर से बुधवार को जगजीतपुर स्थित कार्यालय परिसर में लघु रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में सिडकुल हरिद्वार की छह कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर रोजगार के इच्छुक युवाओं के साक्षात्कार लिए।

रोजगार मेले का शुभारंभ पूर्वाह्न 10 बजे हुआ। इसमें रोजगार की तलाश कर रहे लगभग 96 युवाओं ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद 38 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि नौ युवाओं का अंतिम रूप से चयन किया गया।

प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश रयाल ने बताया कि सेवायोजन विभाग की ओर से इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रतिष्ठानों में रोजगार के लिए आवेदन करने और साक्षात्कार देने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से भविष्य में भी युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!