साइबर सेल की तत्परता से ठगी की पूरी रकम वापस, पीड़ित के खाते में लौटाए ₹99 हजार
हरिद्वार, 19 अगस्त। साइबर सेल ने तत्परता दिखाते हुए साइबर ठगी का शिकार हुए एक पीड़ित की पूरी रकम वापस कराने में सफलता हासिल की है। साइबर ठगी में पीड़ित के खाते से निकाली गई ₹99,000 की पूरी धनराशि साइबर सेल की कार्रवाई के बाद उसके खाते में वापस लौटा दी गई।
जानकारी के अनुसार, भीमगौड़ा निवासी एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में एक APK फाइल डाउनलोड की थी। इसके बाद मोबाइल में अपडेट करने का विकल्प आया। इसी दौरान साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से ₹99,000 की रकम निकाल ली।
घटना का पता चलते ही पीड़ित ने तत्काल संबंधित बैंक, नजदीकी थाने और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर सेल सक्रिय हो गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धनराशि को होल्ड कराया गया।
इसके बाद साइबर सेल ने संबंधित बैंक से आवश्यक पत्राचार एवं समन्वय करते हुए ठगी गई पूरी ₹99,000 की रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
अपनी पूरी धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने साइबर सेल और पुलिस का आभार जताया। साइबर सेल की इस कार्रवाई से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि साइबर ठगी की घटना होने पर बिना देरी किए शिकायत करना बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराकर वापस कराया जा सके।
साइबर सुरक्षा संदेश: अनजान स्रोतों से APK फाइल डाउनलोड न करें और मोबाइल में आए संदिग्ध अपडेट या लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी होने पर तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन को सूचना दें।






