आश्रम के उत्थान को लेकर नवनियुक्त अध्यक्ष का बड़ा संकल्प, वर्षभर चलेगा प्रतिदिन रुद्राभिषेक

आश्रम के उत्थान को लेकर नवनियुक्त अध्यक्ष का बड़ा संकल्प, वर्षभर चलेगा प्रतिदिन रुद्राभिषेक।

हरिद्वार। आश्रम के नवनियुक्त अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा ने आश्रम में धार्मिक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने और श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 सितंबर से आश्रम में लगातार एक वर्ष तक प्रतिदिन रुद्राभिषेक कराने का संकल्प लेते हुए उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना का शुभारंभ कराया।अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि रुद्राभिषेक की शुरुआत के दौरान पूर्व समिति की ओर से इसे रोकने का प्रयास किए जाने का आरोप है। हालांकि, उनके अनुसार भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद और दृढ़ निश्चय के चलते रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया।नवनियुक्त अध्यक्ष ने बताया कि विगत माह पुरानी समिति को भंग कर सर्वसम्मति से नई समिति का गठन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी समिति के कार्यकाल में आश्रम के विकास, नियमित पूजा-पाठ तथा यात्रियों के ठहरने जैसी व्यवस्थाओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि नई समिति अब आश्रम के विकास और धार्मिक गतिविधियों को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कार्य करेगी।उन्होंने कहा कि आश्रम में प्रतिदिन पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठान नियमित रूप से कराए जाएंगे। इसके साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के ठहरने तथा भोजन की व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। आश्रम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और आश्रम हित से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि समिति सभी लोगों का सम्मान करती है और सभी के सहयोग की अपेक्षा रखती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आश्रम हित में किए जा रहे कार्यों में यदि किसी व्यक्ति द्वारा बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया गया तो समिति नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी।उन्होंने कहा कि नई समिति का उद्देश्य किसी से विवाद करना नहीं, बल्कि आश्रम की धार्मिक परंपराओं को मजबूत करने के साथ उसके विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार करना है। आश्रम में नियमित पूजा-अर्चना, यात्रियों की सुविधा और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए समिति प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!