बिल्केश्वर महादेव मंदिर में सच्चे मन से पूजा करने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं होती हैं पूर्ण: श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज

हरिद्वार, 30 अगस्त। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि बिल्केश्वर महादेव मंदिर में सच्चे मन और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं भगवान शिव एवं माता पार्वती की कृपा से पूर्ण होती हैं। उन्होंने कहा कि बिल्केश्वर महादेव की महिमा अत्यंत प्राचीन और अद्भुत है तथा यह स्थान श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।

बिल्केश्वर महादेव मंदिर में आयोजित वार्षिक समारोह के दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए माता पार्वती ने इसी पावन स्थान पर कठोर तपस्या की थी। तपस्या के दौरान माता पार्वती ने आहार के रूप में केवल बिल्व वृक्ष के पत्तों का सेवन किया। उनकी कठोर साधना और अटूट तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें अपनी अर्द्धांगिनी के रूप में स्वीकार किया और इसी पवित्र स्थल पर बिल्केश्वर महादेव के रूप में विराजमान हुए।

उन्होंने कहा कि बिल्केश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष कृपा भक्तों पर बनी रहती है। जो श्रद्धालु पूर्ण श्रद्धा, विश्वास और सच्चे मन से यहां पूजा-अर्चना करते हैं, उनकी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान शिव की आराधना करने के साथ-साथ धर्म और आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

वार्षिक समारोह के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों ने विधि-विधान के साथ भगवान बिल्केश्वर महादेव का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी रामानुज सरस्वती, स्वामी अनंतानंद, महंत राज गिरी, महंत सतीश वन, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि, स्वामी दिनेश दास, मेयर किरण जैसल, गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम, मेयर प्रतिनिधि सुभाषचंद, पार्षद राजेश शर्मा, भाजपा नेता आशु चौधरी, अनिल मिश्रा, भोला शर्मा, पंडित अधीर कौशिक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!