हरिद्वार। भूपतवाला स्थित श्री भगवान धाम कबीर आश्रम में सुमन गर्ग एवं समस्त परिवार की ओर से 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा का वाचन ब्रजधाम से पधारे आचार्य राघव जी महाराज के श्रीमुख से किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु भक्ति एवं आध्यात्मिक ज्ञान की अमृतधारा का श्रवण करेंगे।
श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन से पूर्व 2 अक्टूबर को यजमान परिवार सुमन गर्ग एवं समस्त परिवार का हरिद्वार पहुंचने पर भव्य स्वागत एवं सत्कार किया गया। हरिद्वार में रह रहे परिवार के मामा-मामी एवं अन्य परिजनों ने यजमान परिवार के सभी सदस्यों का आत्मीयता के साथ स्वागत किया। इस दौरान परिवारजनों ने आपसी प्रेम एवं उत्साह के साथ अतिथियों का सम्मान करते हुए कथा आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कथा आयोजन का भव्य शुभारंभ 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे कलश यात्रा के साथ होगा। इसके पश्चात आचार्य राघव जी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। कथा का आयोजन 9 अक्टूबर तक प्रतिदिन किया जाएगा।
आयोजक परिवार की ओर से श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और भगवान की भक्ति का लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया गया है।






