हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा का शुभारंभ, खेल मंत्री रेखा आर्या 26 किमी पैदल यात्रा पर रवाना

हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा का शुभारंभ, खेल मंत्री रेखा आर्या 26 किमी पैदल यात्रा पर रवाना

हरिद्वार। सावन के पावन महीने में कांवड़ यात्रा की शुरुआत हरिद्वार के हरकी पैड़ी से श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुई। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं मां मनसा देवी ट्रस्ट के महंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज, जूना अखाड़े के हरि गिरी महाराज के सान्निध्य में उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने यात्रा का शुभारंभ किया।

इससे पूर्व रेखा आर्या ने जूना अखाड़े से पैदल यात्रा करते हुए संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। हरकी पैड़ी पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले मां गंगा को नमन किया और विधि-विधान के साथ गंगा पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

पूजन के बाद जयघोष के बीच खेल मंत्री रेखा आर्या हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर लगभग 26 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा पर रवाना हुईं। उनकी यह यात्रा ऋषिकेश स्थित वीरभद्र मंदिर तक जाएगी, जहां वह भगवान शिव के दर्शन कर विधिवत रुद्राभिषेक करेंगी।

कांवड़ यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं और संतों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उत्सव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!