हरिद्वार से ऋषिकेश तक निकली संकल्प यात्रा, “2036 में ओलंपिक हमारा हो” का संदेश

हरिद्वार से ऋषिकेश तक निकली संकल्प यात्रा, “2036 में ओलंपिक हमारा हो” का संदेश

हरिद्वार, 10 अगस्त 2026: उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या के नेतृत्व में सोमवार को “2036 में ओलंपिक हमारा हो” के संकल्प के साथ एक भव्य संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा हरिद्वार के पवित्र हर की पौड़ी घाट से प्रारंभ होकर ऋषिकेश तक पहुँची।

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उत्तराखंड को स्वस्थ और सशक्त बनाना था। कार्यक्रम के शुभारंभ पर मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति में अपार संभावनाएं हैं। यदि उन्हें उचित मंच और अवसर मिले, तो भारत वर्ष 2036 में न केवल ओलंपिक की सफल मेजबानी कर सकता है, बल्कि खेल जगत में नए कीर्तिमान भी स्थापित कर सकता है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सुरक्षा संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री दिनेश मलिक तथा गंगा समग्र के प्रांत प्रमुख श्री रेशू चौधरी ने भी सहभागिता की। श्री दिनेश मलिक ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और खेल भावना को मजबूत करने पर बल देते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।

वहीं, श्री रेशू चौधरी ने “नशामुक्त उत्तराखंड, स्वस्थ उत्तराखंड और खेलमय उत्तराखंड” का संदेश देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।

हर की पौड़ी से ऋषिकेश तक निकली इस संकल्प यात्रा ने स्थानीय युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह, राष्ट्रप्रेम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश प्रसारित किया। कार्यक्रम में तरुण सिरोही सहित अन्य गणमान्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!