कुंभ से पहले संत समाज को बदनाम करने की साजिश: महंत डॉ. रवींद्र पुरी महाराज का बड़ा बयान
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं मां मनसा देवी ट्रस्ट के महंत डॉ. श्री रवींद्र पुरी महाराज ने कुंभ मेले से पहले संत समाज को लेकर फैल रही भ्रामक और एआई जनरेटेड वीडियो पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे कुंभ का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे संत समाज को बदनाम करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक वीडियो तेजी से वायरल किए जा रहे हैं।
महंत रवींद्र पुरी महाराज ने अपने बयान में कहा कि इन वीडियो का कोई औचित्य नहीं है और यह पूरी तरह से संत समाज की छवि धूमिल करने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग कर संतों के खिलाफ गलत प्रचार कर रहे हैं, जिससे समाज में भ्रम और अविश्वास फैलाया जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि कुंभ जैसे पवित्र और दिव्य आयोजन की गरिमा को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। संत समाज हमेशा से देश और समाज के कल्याण के लिए कार्य करता आया है, लेकिन इस तरह के दुष्प्रचार से उसकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
महंत जी ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से मांग की है कि ऐसे एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि किसी भी वीडियो या खबर को बिना सत्यापन के साझा न करें और अफवाहों से दूर रहें।
उन्होंने विश्वास जताया कि कुंभ का आयोजन पूरी दिव्यता और भव्यता के साथ संपन्न होगा और संत समाज की गरिमा पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी।

