श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी का मनसा देवी मंदिर में औचक निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा पर सख्त रुख
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने शनिवार को मनसा देवी मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके अचानक मंदिर पहुंचने से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने मंदिर परिसर की स्वच्छता, श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं हर समय सुचारु रूप से संचालित रहनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कर्मचारियों को चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
श्रीमहंत डॉ. पुरी ने कहा कि वर्तमान में मंदिर की व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मंदिर परिसर में सूखे नारियल की बिक्री और चढ़ावे की पुरानी व्यवस्था पूरी तरह बंद कर दी गई है तथा नई व्यवस्था के तहत सभी कार्य व्यवस्थित ढंग से संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की कि वे जोखिमपूर्ण शॉर्टकट मार्गों का उपयोग न करें और मंदिर आने-जाने के लिए केवल निर्धारित पैदल मार्ग का ही प्रयोग करें।
उन्होंने कहा कि मनसा देवी मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, ऐसे में यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना मंदिर प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान ट्रस्टी अनिल शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी का मनसा देवी मंदिर में औचक निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा पर सख्त रुख

