अमेरिकन आश्रम, हरिद्वार में रामचरितमानस पाठ का भव्य समापन, विशाल भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
अमेरिकन आश्रम, हरिद्वार में आयोजित श्री रामचरितमानस पाठ का भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण में समापन हुआ। कई दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान के पूर्णाहुति अवसर पर संत समागम एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए संतों एवं भक्तों ने भाग लिया।
समापन दिवस पर आश्रम परिसर भक्ति रस में डूबा नजर आया। वेद मंत्रों, रामायण चौपाइयों एवं भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। संतों ने अपने प्रवचनों में श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, भक्ति और सेवा भाव का महत्व बताया तथा रामचरितमानस के संदेशों को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर हरिद्वार के अतिरिक्त दिल्ली, हरियाणा, जोधपुर सहित अनेक शहरों के आश्रमों से संतगण पधारे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर पाठ समापन का आनंद लिया और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में लगभग 15 से 20 मंडलियों को दान-दक्षिणा प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत विशाल एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें संतों और भक्तों ने प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था अत्यंत सुव्यवस्थित एवं श्रद्धाभाव से संपन्न रही।
सम्पूर्ण आयोजन श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अद्भुत उदाहरण बना। आश्रम प्रबंधन ने सभी संतों, मंडलियों और भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
अमेरिकन आश्रम, श्री ज्ञान गंगा गौ सेवा ट्स्ट हरिद्वार में श्री रामचरितमानस पाठ का भव्य समापन, विशाल भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

