हरिद्वार। अन्जुमन गुलामाने मुस्तफा सोसाइटी (रजि.) की ओर से जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर ज्वालापुर स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल, कोटरवान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिला एवं पुरुष रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया। समाचार लिखे जाने तक 113 लोग रक्तदान कर चुके थे। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सेवा कार्य लगातार 14 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है।
संस्था की ओर से बताया गया कि जल्द ही एक एम्बुलेंस भी खरीदी जाएगी, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में संस्था के सदर हाजी शफी खान, राहिल कुरैशी, हाजी जमशेद खान, अब्दुल रहमान हाजी, रफी खान, आलम खान, आदिल कुरैशी और गुलजार अंसारी सहित संस्था के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजकों ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में आगे आकर रक्तदान करने की अपील की। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है और इससे जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।






