पुरुषोत्तम मास में गंगा तट पर गूंज रही श्रीमद् भागवत कथा की भक्ति धारा
(पूजा शर्मा)
हरिद्वार ।पुरुषोत्तम मास एवं गंगा दशहरा के पावन अवसर पर शिवयोग धाम आश्रम में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। मां गंगा के पावन तट पर गुजरात से आए श्रद्धालुओं द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों भक्त भाव-विभोर होकर कथा श्रवण कर रहे हैं।
यह दिव्य कथा 24 तारीख से प्रारंभ हुई है, जिसे भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इस पावन आयोजन का नेतृत्व श्री नरेश भाई एन. प्रजापति एवं उनके परिवार द्वारा किया जा रहा है। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी हिना बेन, पुत्र अनिकेत और पुत्री कृपाली भी सेवा एवं आयोजन में सक्रिय रूप से सहयोग दे रहे हैं।
इस आयोजन की विशेषता यह है कि गुजरात से लगभग 400 से अधिक श्रद्धालु एक साथ यहां पहुंचे हैं और पूरे श्रद्धा भाव से कथा का श्रवण कर रहे हैं। पूरा वातावरण भक्ति, भजन और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है।
इस भव्य कार्यक्रम के आयोजन में हस्ती पेट्रोल केमिकल एंड शिपिंग लिमिटेड कंपनी, गुजरात के लाइजनिंग डायरेक्टर का विशेष योगदान है, जिनके सहयोग से यह आयोजन और भी भव्य रूप ले सका है।
कथा का रसपान प्रसिद्ध कथा व्यास श्री लाल दास बापू देशानी जी के श्रीमुख से कराया जा रहा है। उनके मधुर वाणी और सरल व्याख्या से श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं और धर्म, ज्ञान एवं भक्ति का अमृत ग्रहण कर रहे हैं।
गंगा तट पर चल रहा यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि समाज में एकता, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का भी संदेश दे रहा है।
पुरुषोत्तम मास में गंगा तट पर गूंज रही श्रीमद् भागवत कथा की भक्ति धारा

