मुंबई के श्रद्धालुओं की भव्य ज्योत यात्रा हरिद्वार पहुंची, अमरपुर घाट पर मां गंगा को अर्पित की ज्योत।
हरिद्वार। महादेव मंदिर ट्रस्ट, मुंबई (थाना ईस्ट) से आए श्रद्धालुओं द्वारा भगवान झूलेलाल जी महाराज की आस्था से जुड़ी भव्य ज्योत यात्रा हरिद्वार में अमरपुर घाट तक श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई। इस दौरान वातावरण “जय झूलेलाल” के जयघोषों से गूंज उठा और पूरा घाट भक्तिमय हो गया।श्रद्धालुओं ने अमरपुर घाट पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद ज्योत को मां गंगा को समर्पित किया। इस अवसर पर सभी भक्तों ने हाथ जोड़कर मां गंगा से प्रार्थना की और अपने इष्ट देव भगवान झूलेलाल जी महाराज के आशीर्वाद की कामना की।ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि मुंबई में भगवान झूलेलाल जी का भव्य 40 दिवसीय पूजन एवं आयोजन 16 जुलाई से 25 अगस्त तक लगातार आयोजित किया जाएगा। इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान की सफलता के लिए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरिद्वार आकर मां गंगा का आशीर्वाद लिया गया।उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों से लगातार महादेव मंदिर ट्रस्ट द्वारा हरिद्वार में ज्योत यात्रा निकालने की परंपरा निभाई जा रही है। हर साल श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर अमरपुर घाट पर मां गंगा की पूजा-अर्चना करते हैं और अपने आगामी धार्मिक आयोजनों की सफलता के लिए प्रार्थना करते हैं।इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां गंगा से विनती की कि वे उनके 40 दिवसीय पूजन में अपनी कृपा बनाए रखें और आयोजन को सफल बनाएं। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में गहरी आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

