पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का जागरूकता अभियान, युवाओं से करेगी संवाद।
हरिद्वार, 23 जून। लगातार प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक के मामलों के विरोध में कांग्रेस पार्टी जनपद भर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगी। यह जानकारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर यह अभियान शुरू किया जा रहा है। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर युवाओं से संवाद करेंगे और उन्हें जागरूक बनाएंगे।बालेश्वर सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है, जिससे वर्षों से तैयारी कर रहे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेहनत के बावजूद परीक्षा रद्द होने से युवा हताश हो रहे हैं और कई मामलों में वे आत्महत्या जैसे गंभीर कदम भी उठा रहे हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।उन्होंने यह भी कहा कि नकल विरोधी कानून भी पेपर लीक रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा रद्द होने को उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल बताया।इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि शिक्षा देश के भविष्य की नींव है, लेकिन आज यह व्यवस्था पेपर लीक और माफियाओं के कब्जे में आ गई है। उन्होंने शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण पर भी चिंता जताई।वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या घट रही है, जो भविष्य के लिए गंभीर संकेत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के आरक्षण पर भी प्रहार कर रही है, जिसके खिलाफ कांग्रेस ने आंदोलन शुरू कर दिया है।प्रेस वार्ता में सुनीता सिंह, विकास चंद्रा, कैलाश प्रधान, सत्यपाल शास्त्री, मोहन राणा, तीर्थपाल रवि, अशोक धींगान और यशवंत सैनी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

