हरिद्वार में नई धर्मशाला का लोकार्पण: मुख्यमंत्री धामी बोले—सेवा और सनातन संस्कृति का सशक्त प्रतीक बनेगी धर्मशाला
हरिद्वार में श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित नव-निर्मित धर्मशाला का लोकार्पण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने अपने परिश्रम, साहस और उच्च संस्कारों के बल पर समाज और राष्ट्र निर्माण में सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा और देश की सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लोगों का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है। उन्होंने विशेष रूप से भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बलों में कार्यरत वीर सपूतों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे राष्ट्र की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बना रहे हैं।
उन्होंने श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण और मानव कल्याण के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रही है। यह नव-निर्मित धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना का जीवंत प्रतीक बनेगी।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार को भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार बताते हुए कहा कि यहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु मां गंगा की गोद में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण एक पुण्य कार्य है, जो आगामी कुंभ और चारधाम यात्रा के दौरान लाखों लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में घाटों के पुनरुद्धार, सड़क, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के पुनर्विकास तथा महाकाल लोक जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की सनातन संस्कृति को वैश्विक पहचान मिल रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता को सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर हरी चेतना नंद महाराज, मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विनय रोहिला, विशाल पटेल, संतोष पटेल, आशाराम सिसोदिया, सीताराम पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हरिद्वार में नई धर्मशाला का लोकार्पण: मुख्यमंत्री धामी बोले—सेवा और सनातन संस्कृति का सशक्त प्रतीक बनेगी धर्मशाला

