हरिद्वार, 17 फरवरी 2026। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने आज कोर विश्वविद्यालय रुड़की के द्वितीय दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करते हुए विद्यार्थियों को डिग्रियां और मेडल प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि आत्मबोध से राष्ट्रबोध की ओर बढ़ने की जागरूक यात्रा का प्रारंभ है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज से वे केवल छात्र नहीं, बल्कि राष्ट्र के निर्माता हैं।
राज्यपाल ने “राष्ट्र सर्वोपरि” के मंत्र को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि विकसित भारत का मार्ग केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि जागरूक, प्रतिबद्ध और कर्मठ युवाओं से प्रशस्त होगा। उन्होंने युवाओं से अपने स्वप्नों और संकल्पों में राष्ट्र को सर्वोच्च स्थान देने का आह्वान किया।
गुरमीत सिंह ने कोर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को किया प्रेरित

